आजादी के अमृत महोत्सव के "हर घर तिरंगा" अभियान में रविवार को बुधनी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री चौहान ने विकास पर्व के तहत 714 करोड़ 91 लाख की लागत वाले 500 बिस्तर के मेडिकल कॉलेज, 284 करोड़ 16 लाख लागत के बुधनी-भेरूंदा-रेहटी राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण और रेलवे अंडर ब्रिज 8 करोड़ 15 लाख का भूमि-पूजन करने के बाद एक बड़ी जनसभा में संवाद किया।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्रा, नगरवासी तथा जन-प्रतिनिधि हाथों में तिरंगा लेकर और भारत माता की जय तथा वंदे-मातरम का उद्घोष करते हुए शामिल हुए। नगरवासियों ने पूरे रास्ते पुष्प-वर्षा कर मुख्यमंत्री शिवराज चौहान का अभिनंदन किया। यात्रा के लिए स्वागत मंचों को फ़ूलों, स्वागत द्वारों और तिरंगे के रंग में रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। मुख्यमंत्री चौहान ने भी नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनका अभिवादन किया।
तिरंगा यात्रा पर विद्यार्थियों ने की बात
सीएम शिवराज ने तिरंगा यात्रा के साथ सभा में आए विद्यार्थियो से बात की। उन्होंने कहा कि बेटे-बेटियो आप खूब मन लगाकर पढाई करिए, आगे बढ़ों, आपके लिए मेधावी विद्यार्थी योजना तो है ही जिससे आपकी उच्च शिक्षा की पढ़ाई की फीस आपका मामा भरेगा। उन्होंने कहा कि सीखो-कमाओ योजना भी आपके लिए है, स्व-रोजगार के लिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना भी है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी में भर्ती जारी है और यह आगे भी जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी हिंदी में होगी।
100 से अधिक मंचों से हुआ मुख्यमंत्री का स्वागत
यात्रा के दौरान बुधनी जनपद की अनेक ग्राम पंचायतों ने 100 से अधिक मंचों से मुख्यमंत्री शिवराज चौहान का आत्मीय स्वागत किया। अनेक मंचों से लाड़ली बहना योजना, बुधनी मेडिकल कॉलेज सहित अन्य सौगाते देने के लिए हाथों में तख्ती लेकर नागरिकों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। इस दौरान अनेक धार्मिक संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा संगठनों ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मेडिकल कॉलेज और अन्य विकास कार्यों का भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने मेडिकल कॉलेज और अन्य विकास कार्यों के भूमि-पूजन कार्यक्रम में जन-सभा में कहा कि पूरे प्रदेश में प्रगति और विकास की क्रांति हो रही है जिससे मध्यप्रदेश देश में विकास की अग्रिम पंक्ति में शुमार हो गया है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को मेडिकल कॉलेज के भूमि-पूजन सहित लगभग एक हजार करोड़ रूपये के विकास कार्यों की सौगात दी।