उज्जैन में 12 साल की बच्ची से रेप मामले के मुख्य आरोपी भरत सोनी के अवैध निर्माण पर बुल्डोज़र चलाया गया है। नगर निगम ने आरोपी के मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया है। नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने यह कार्रवाई बुधवार को की।
आरोपी भरत सोनी ने उज्जैन के नानाखेड़ा इलाके में सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया था। वह कई वर्षों तक अपने माता-पिता और भाई-बहनों के साथ अवैध रूप से रह रहा था। सतना में रहने वाली 12 साल की बच्ची से रेप करने वाले भरत सोनी (24) को पुलिस एक महीने के भीतर सजा दिलाने की तैयारी कर रही है। पुलिस ने इसके लिए पुख्ता सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं।
गौरतलब है कि स्कूल में पढ़ने वाली मानसिक रूप से कमजोर एक लड़की सतना से शिप्रा एक्सप्रेस में बैठकर उज्जैन आई थी। 25 सितंबर को नाबालिग रेलवे स्टेशन पर उतरी। ड्राइवर भरत सोनी ने लड़की को अकेला देखा और उसे अपने ऑटो में बिठा लिया। इसके बाद वे लड़की को जीवनखेड़ी इलाके में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया था।
घटना के बाद लहूलुहान पीड़िता मदद के लिए ढाई घंटे तक उज्जैन की सड़कों पर भटकती रही। व्याकुल होकर वह एक आश्रम में जाकर गिर पड़ी। आश्रम के संचालक राहुल शर्मा ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और पीड़िता को नजदीकी अस्पताल ले गई।
हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जुटाए और आरोपी भरत सोनी को नानाखेड़ा इलाके में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने की कोशिश में आरोपी के पैर में चोट लग गई। फिलहाल इंदौर के एमवाय अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।