नॉर्थ चैनल पार करने वाले एशिया के पहले पैरा स्वीमर बनने के बाद ग्वालियर के सतेंद्र लोहिया ने एक और नया कीर्तिमान हासिल किया है। सतेंद्र लोहिया ने अब डोवर लंदन और ओडिंगम फ्रांस के बीच इंग्लिश चैनल टू वे की 72 किलोमीटर की दूरी को पार कर नया इतिहास रच दिया है।

सत्येंद्र की इस उपलब्धि पर मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उन्हें बधाई दी और शुभकामना संदेश प्रेषित किए हें। उन्होंने लिखा है,  देश एवं प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाने वाली इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए आपको हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की अनंत शुभकामनाएं।

आपको बता हें सतेंद्र सिंह लोहिया नॉर्थ चैनल पार करने वाले एशिया के पहले पैरा स्वीमर भी हैं। सतेंद्र सिंह दोनों पैरों से 70 प्रतिशत दिव्यांग हैं। इन्होंने 36 किलोमीटर के नॉर्थ चैनल को 14.39 घण्टे में पार कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। ग़ौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग पैरा स्वीमर सतेंद्र सिंह लोहिया ने इंग्लिश और केटलीना चैनल को पार करके विश्व रिकॉर्ड बनाया था और ऐसा करने वाले एशिया के पहले अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग पैरा स्वीमर बने थे।

सतेंद्र को विश्व दिव्यांगता दिवस के अवसर पर 3 दिसंबर 2019 को 'सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ी' पुरस्कार और 2020 में तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार भी मिल चुके हैं। आपको बता दें कि जलसंधि या जलडमरू पानी के ऐसे तंग मार्ग को कहते हैं जो दो बड़े जलसमूहों को जोड़ता हो। इसका भौगोलिक आकार ज़्यादातर डमरू जैसा होता है, जिसके दो बड़े जलीय भागों के मध्य में जलसंधि होती है, इसलिये इसे जलडमरूमध्य भी कहते हैं। नार्थ चैनल एक ऐसा ही जलसंधि है। ये उत्तरी आयरलैंड के उत्तर-पूर्व और स्कॉटलैंड के दक्षिण-पश्चिम में एक जलडमरूमध्य है। विश्व के जितने भी चैनल है, उनमें से यह सबसे ठंडा है। यहां लगभग 12 डिग्री का तापमान रहता है।