मध्यप्रदेश में इन दिनों हवाओं का रुख बदलने से रातें ठंडी होने लगी हैं। बीते दो दिन से यह नया बदलाव नजर आने लगा है। रात दस बजे ही भोपाल में तापमान 21 डिग्री के आसपास पहुंचने लगा है। बताया जाता है कि तापमान में दो डिग्री तक गिरावट आई है। वहीं पचमढ़ी, नौगांव और मलाजखंड अभी सबसे ठंडे हैं। यहां पारा 12-13 डिग्री के आसपास चल रहा है। 

मौसम के जानकारों का कहना है कि अगले 5 दिन तक टेम्प्रेचर में गिरावट होगी। 2 नवंबर से उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होने से तापमान में एक से दो डिग्री तक बढ़ोतरी होगी। बताया जाता है कि उत्तर भारत में मौसम की करवट से मप्र में मौसम बदला है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के कारण तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। 

उत्तराखंडके उच्च हिमालय क्षेत्र में हिमपात के बाद पर्वतीय इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है बीते कुछ दिनों से केदारनाथ घाटी में जमकर बर्फबारी हो रही है। केदारनाथ घाटी में बर्फ की चादर बिछ गई है। मौसम विभाग का मानना है कि 30 अक्टूबर के बाद बर्फबारी और तेज हो सकती है।