भोपाल: देश में टाईगर स्टेट बना मप्र से एक नर बाघ लेने का प्रस्ताव छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार से भोपाल स्थित मंत्रालय में आ गया है। इसके लिये छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने भी आग्रह किया है तथा अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस पर निर्णय लेंगे कि बाघ दिया जाये या नहीं। दरअसल भारत सरकार ने छत्तीसगढ़ के अचानकमार वन क्षेत्र में मप्र से एक नर बाघ एवं महाराष्ट्र से एक मादा बाघ भेजे जाने के लिये अनुमति प्रदान कर दी है। इसी के चलते छत्तीसगढ़ सरकार से मप्र यह प्रस्ताव आया है।
इस कारण से मांगे हैं बाघ :
छग सरकार ने बाघ अनुवांशिकी कारणों से मांगे हैं। उसके यहां भी करीब 17 बाघ हैं परन्तु बाहरी राज्य से अलग प्रजाति के बाघ आने से इनकी जनसंख्या में संतुलन एवं सरवाईवल बना रहता है। बताया जा रहा है कि मध्यप्रदेश स्थित कान्हा और महाराष्ट्र के चंद्रपुर के ताबोड़ा टाइगर रिजर्व के बाघों को अचानक मार वन क्षेत्र में लाया जा सकता है। अचानक मार वन क्षेत्र मप्र के अमरकंटक क्षेत्र के पास स्थित है।