मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि उनकी सरकार और उनका एक ही मकसद है कि बेटियों और बहनों की जिंदगी जाति, समाज और धर्म के भेदभाव के बिना खुशगवार बन जाए। मुख्यमंत्री शिवराज शुक्रवार को सीहोर जिले के भेरूंदा जनपद के ग्राम गिल्लौर में 466 वर वधु को आशीर्वाद देते हुए और उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना करते हुए वर वधु और आमजन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर साधना सिंह भी उनके साथ में थी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष ही यहां 423 कन्याओं का विवाह और 43 निकाह संपन्न हुए। उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से 5 वधुओ को 49-49 हजार रुपए की राशि के चैक भी प्रदान किए और अपने मन पसन्द गृहस्थी का सामान खरीदने की अपील की। उन्होंने कलेक्टर प्रवीण सिंह को निर्देश दिए कि शेष वर वधु को भी आज ही यह राशि दी जाए। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह ने प्राय: सभी वर वधु तक पहुंचते हुए उनपर पुष्प वर्षा भी की।

मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि लाडली बहना योजना महिला सशक्तिकरण की दुनिया की अद्भुत और सबसे बड़ी योजना है, जो बहनों की जिंदगी को बदलने में कारगर साबित होगी। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि उन्होंने छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बहनों को मजबूर देखा है लेकिन अब बहने मजबूत होंगी।

मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने फिर दोहराया कि अब 21 वर्ष की लाडली बहनों को भी 1000 रुपए प्रति माह की राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वे 250 रुपए के मान से धीरे-धीरे राशि बढ़ाते हुए लाडली बहनों को 3000 रुपए तक की राशि प्रदान करेंगे।

गिल्लौर में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में सांसद रमाकांत भार्गव, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, विधायक एवं पूर्व मंत्री करण सिंह वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह इंजीनियर, पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत, श्री गुरू प्रसाद शर्मा,आदिवासी वित्त विकास निगम अध्यक्ष निर्मला बारेला, सलकनपुर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय,भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मालवीय, नगर परिषद अध्यक्ष मारूति शिशिर, जनपद अध्यक्ष मंजू अवध पटेल, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।