CM शिवराज ने किया NCC कैडेट्स का सम्मान, टॉप-3 को नगद ईनाम का ऐलान  


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

CM शिवराज ने कहा कि हमारे NCC कैडेट्स लोगों की जिंदगी बचाने के लिए अपनी जिंदगी दांव पर लगाने की हिम्मत और हौसला रखते हैं..!

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित 'गणतंत्र दिवस समारोह 2023' में शामिल हुए NCC के प्रतिभागी छात्र छात्राओं का सम्मान किया। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित सम्मान समारोह में CM शिवराज ने राष्ट्र एकता, अनुशासन और सेवा के मूल्यों से परिपूर्ण राष्ट्रीय कैडेट कोर के छात्र-छात्राओं पर पुष्पवर्षा कर अभिनंदन भी किया। 

इस मौके पर CM शिवराज ने कहा कि यह प्रसन्नता और गर्व की बात है कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कैडेट्स ने थल, जल, और नभ तीनों में अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज की है। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर यानि हम कहीं न कहीं रहे हैं। मैं आप सभी का हृदय से अभिनंदन करता हूं। 

CM शिवराज ने कहा कि हमारे NCC कैडेट्स लोगों की जिंदगी बचाने के लिए अपनी जिंदगी दांव पर लगाने की हिम्मत और हौसला रखते हैं। कोविड काल में हमारे कैडेट्स ने लॉकडाउन और वैक्सीनेशन अभियान को सफल बनाने में अपने कर्तव्यों का पालन पूरी मेहनत और लगन से किया है। 

NCC कैडेट्स को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए CM शिवराज ने कहा कि मेरा आशीर्वाद आपके साथ है। मेरे बच्चों, हिम्मत और हौसले के साथ आगे बढ़ते चलो। आप आगे बढ़ें और अपने मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ तथा देश को भी आगे बढ़ाएं। 

सम्मान समारोह में CM शिवराज ने पुरस्कार का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि NCC कैडेट्स जो प्रथम, द्वितीय और तृतीय आए हैं, उन्हें क्रमशः ₹50 हजार, ₹30 हजार और ₹20 हजार के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। भाग लेने वाले प्रतिभागियों को ₹5 हजार की पुरस्कार राशि प्रोत्साहन रूप में दी जाएगी।

CM शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री जी कहते हैं उसे दोहराते हुए मुझे भी गर्व होता है। भारत अब आंख झुकाकर बात नहीं करता है, आंखों से आंखें मिलाकर दुनिया से बात करता है। हमारे देश को दुनिया के नंबर एक राष्ट्र के पद पर 'विश्वगुरू' के रूप में अधिष्ठित करना है।