"मेट्रो ट्रेन" के ट्रायल रन के साथ ही प्रदेश की राजधानी भोपाल में विकास के नए सफर की शुरुआत हो गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल मेट्रो ट्रेन के ट्रायल का शुभारंभ कर सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक मेट्रो ट्रेन से सफर किया।
इस मौके पर बोलते हुए सीएम शिवराज ने कहा भोपाल से मंडीदीप, भोपाल से सीहोर और भोपाल से विदिशा भी हम मेट्रो को ले जायेंगे। भोपाल वासियों मेट्रो के लिए आप सभी को हार्दिक बधाई।
सीएम ने आगे कहा भोपाल मेट्रो अपने यहां परिवहन में एक क्रांति लेकर आई है... झीलों के अपने शहर को हम 'मेट्रो' से निहारने का सुख उठाएंगे। मुझे बताते हुए खुशी है कि भोपाल ने तांगे से अपने सफर की शुरुआत की थी और आज ये सफर मेट्रो ट्रेन तक आ पहुंचा है।
भोपाल में मेट्रो का काम जिस तेज गति से हुआ है, उसके लिए मैं पूरी टीम को हार्दिक बधाई देता हूं। अब ये मेट्रो असमानता की खाई को भी पाट देगी।
मध्यप्रदेश बदल रहा है, आगे बढ़ रहा है... भोपाल मेट्रो का आज सफल ट्रायल रन हुआ है। एक संकल्प पूरा होते हुए देख कर मैं अत्यंत प्रसन्न हूं और सभी भोपाल वासियों को कोटि-कोटि बधाई देता हूं। यह परिवहन के क्षेत्र में क्रांति है। भविष्य में मंडीदीप, सीहोर, विदिशा और रायसेन जैसे शहरों को भी मेट्रो से जोड़ने की योजना बनाएंगे।
भोपाल में मेट्रो ट्रेन के आ जाने से रोज़ाना का सफ़र आसान हो जाएगा। साथ ही लंबी दूरी भी कम समय में तय की जा सकेगी आपको बता हें हाल ही में इंदौर में भी सीएम शिवराज ने मेट्रो को हरी झंडी दिखाई थी।