मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को कर्नाटक में चुनावी मैदान संभाला। राज्य में बढ़ती सरगर्मियों के बीच सीएम शिवराज ने विजयनगर में भाजपा की राज्य इकाई द्वारा आयोजित विजय संकल्प यात्रा में भाग लिया और जनसभा को सम्बोधित किया।
सीएम शिवराज ने जनसभा में कहा कि विजय संकल्प यात्रा में चल रही जनता की आँखों में विश्वास, दिल में जोश और मोदी जी के प्रति सम्मान था। मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूँ कि यह यात्रा भाजपा को विजय दिलाएगी। हम फिर से सरकार बनाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि महान प्रतापी राजा कृष्णदेव राय के विजयनगर साम्राज्य का गौरव कांग्रेस के समय समाप्त हो गया था लेकिन येदियुरप्पा जी को धन्यवाद देता हूँ जिन्होंने विजयनगर का गौरव लौटाया।
सीएम शिवराज ने आगे कहा कि भारत का सौभाग्य है कि एक ऐसे व्यक्ति देश के प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने भारत के नवनिर्माण के लिए अवतार लिया है। वर्ष 2014 के पहले कांग्रेस की सरकार थी, भारत का कोई मान-सम्मान नहीं था। कांग्रेस के लोग कहते हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी देश तथा कर्नाटक के दिल में बसे हैं। पूरा देश और कर्नाटक कह रहा है कि मोदी तेरा कमल खिलेगा।
कर्नाटक के विकास पर मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार ने कर्नाटक की तस्वीर तथा तकदीर दोनों बदली है और कर्नाटक को चारों दिशाओं में प्रगति के पथ पर ले जा रहे हैं। कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खड़गे जी का अपमान किया। छत्तीसगढ़ में बुजुर्ग खड़गे जी धूप में खड़े रहे और कांग्रेसियों ने छाता मैडम सोनिया गांधी जी के सर पर तान दिया। यह कर्नाटक का अपमान है।