भारत का चंद्रयान 3 मिशन श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च हुआ। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने शुक्रवार, 14 जुलाई को दोपहर 2:35 बजे भारत का तीसरा चंद्र मिशन, चंद्रयान 3 सफलतापूर्वक लॉन्च किया। चंद्रयान 3 को व्हीकल मार्क-3 रॉकेट पर लॉन्च किया गया था।

इसरो मिशन निदेशक ने मौसम की स्थिति जांचने के बाद प्रक्षेपण की मंजूरी दे दी। चंद्रयान 3 के प्रक्षेपण को देखने के लिए 200 से अधिक स्कूली छात्र आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र पहुंचे।

इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने के लिए देश भर से दर्शक सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में एकत्र हुए। चंद्रयान 3 के सफल लॉन्च के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ISRO के सभी वैज्ञानिकों को बधाई दी है।

CM शिवराज ने लिखा है, आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से #Chandrayaan3 की सफल लॉन्चिंग के लिए @isro की समस्त टीम को हृदय से बधाई देता हूं। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री  @narendramodi जी के नेतृत्व में नित नए कीर्तिमान गढ़ते हमारे इस नए मिशन पर दुनियाभर की नजर है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत सार्थक होगी, लैंडर सफलतापूर्वक चंद्रमा की सतह पर उतरेगा और भारत के इस कीर्तिमान से चांद के विज्ञान को सारी दुनिया जानेगी। ।।जय हो।।

इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने कहा कि लॉन्च के बाद चंद्रयान-3 पृथ्वी की कक्षा में जाएगा और फिर धीरे-धीरे चंद्रमा की ओर बढ़ेगा. हमें उम्मीद है कि सब कुछ ठीक रहेगा और हम 23 अगस्त या उसके बाद किसी भी दिन चांद की सतह पर उतरेंगे। चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैंडिंग 23-24 अगस्त को निर्धारित है, लेकिन वहां सूर्योदय की स्थिति के आधार पर इसमें बदलाव हो सकता है। अगर सूर्योदय में देरी हुई तो इसरो लैंडिंग का समय बढ़ाकर सितंबर में कर सकता है।