इंदौर में गुंडागर्दी की खबरों और वायरल वीडियो पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संज्ञान लिया है। CM शिवराज ने गुरुवार सुबह इंदौर की कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की और गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर कठोरतम कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गुंडे बदमाशों में पुलिस का खौफ रहे। आम जनता में पुलिस पर विश्वास होना जरूरी है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और नशा करने जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर तुरंत कार्यवाही की जाए।

मुख्यमंत्री निवास समत्व कार्यालय भवन में हुई बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह राजेश राजौरा पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना, एडीजी इंटेलिजेंस आदर्श कटियार, ओएसडी मुख्यमंत्री अंशुमन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इंदौर से  इंदौर पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर, कमिश्नर डा. पवन शर्मा,  कलेक्टर डा. इलैया राजा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी वर्चुअली उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि इंदौर के राजेंद्र नगर क्षेत्र में ट्रेजर टाउन में EWS टाउनशिप में गुंडों की ख़ौफ़ के चलते पलायन की ख़बरें सामने आयी थी। यहाँ तक कि कुछ रहवासियों ने तो टाउनशिप में नशाखोरी-गुंडागर्दी से त्रस्त आकर 'मेरा घर बिकाऊ है' के पोस्टर तक चिपका दिए हैं। जब इस तरह के वीडियो सामने आये तो प्रशासन में हड़कंप मच गया।