मध्यप्रदेश में कांग्रेस पूरी ताकत से शिवराज सरकार पर डबल अटैक की कोशिश में है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ समेत सभी बड़े नेता अलग-अलग जिलों में राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे है, वहीं महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके सागर के मामले में शिवराज सरकार पर सवाल उठाए है। सीएम शिवराज सिंह आज कई कार्यक्रमों के लिए ग्वालियर पहुंच रहे है।
दरअसल, गरीबों मकान गिराए जाने का मामला जमकर तूल पकड़ रहा है। दो दिन पहले कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने इस मामले को उठाते हुए मंत्री पर आरोप लगाये थे और पीड़ितों से मिलने भी पहुंच गए थे। अब कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शिवराज सरकार को घेरा है। आज उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, 'मध्यप्रदेश में दलितों पर भाजपा सरकार का अत्याचार चरम पर है। सागर जिले में 10 दलित परिवारों के घर ढहा दिए गए। जो परिवार मजदूरी करने गए थे, बिना कोई सूचना दिए उनकी सारी गृहस्थी तहस-नहस कर दी।
पीएम आवास योजना के तहत बने घर भी ढहा दिए। सत्ता के अहंकार में भाजपा यह भूल गई है कि सरकार का काम लोगों को उजाड़ना नहीं, बल्कि बसाना है। दलितों, आदिवासियों और गरीबों पर अत्याचार करने वाली भाजपा सरकार को मध्यप्रदेश की जनता सबक सिखाएगी।
' इससे पहले शुक्रवार को बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का ट्वीट भी आया था। उन्होंने लिखा था, 'मध्यप्रदेश सरकार की विध्वंसकारी- द्वेषपूर्ण बुलडोजर राजनीति लोगों के घर और स्कूल तोड़ते- तोड़ते अब पीएम आवास योजना के अंतर्गत बने गरीबों के मकान भी तोड़ने लगी है, जो अति निंदनीय है। इसी क्रम में सागर जिले में पीएम योजना के तहत बने 7 दलित परिवारों के घरों का ध्वंस शर्मनाक।'