दतिया जिले के इंदरगढ़ थाने में ड्यूटी पर तैनात एक आरक्षक ने सरकारी रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इंदरगढ़ थाने में हड़कंप मच गया। मामले की जांच की जा रही है।
आपको बता दें कि यह घटना गुरुवार सुबह 7 बजे की है। इंदरगढ़ थाने में पदस्थ आरक्षक विवेक शर्मा गार्ड ड्यूटी पर था और अपनी सरकारी रायफल बंदूक के साथ ड्यूटी कर रहा था। कांस्टेबल विवेक शर्मा ने अचानक खुद को गोली मारकर आत्मघाती कदम उठाया। बंदूक से निकली गोली सिपाही विवेक शर्मा की गर्दन में लगी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब तक इंदरगढ़ पुलिस अस्पताल पहुंची, डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इंदरगढ़ थाने में हर कोई इस बात से हैरान है कि आखिर शांत स्वभाव के सिपाही विवेक शर्मा ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने का कदम क्यों उठाया। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील शिवहरे सहित पुलिस अधिकारी इंदरगढ़ थाने से घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
आपको बता दें कि विवेक शर्मा बेहद शांत और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और उनका सीधा सरोकार अपनी ड्यूटी से था। कांस्टेबल विवेक शर्मा ग्वालियर के रहने वाले हैं और दतिया में पदस्थ थे और विभिन्न स्थानों पर कार्यरत थे। वह वर्तमान में इंदरगढ़ पुलिस स्टेशन में तैनात थे।
विवेक शर्मा के दो बच्चे हैं। एक पांच साल की लड़की और कुछ महीने का लड़का है। आत्महत्या की घटना ने पूरी इंदरगढ़ पुलिस को हिलाकर रख दिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि विवेक ने आत्महत्या जैसा घातक कदम क्यों उठाया।