भोपाल: भोपाल स्थित सतपुड़ा भवन में पिछले दिनों आग लगने से स्वास्थ्य संचालनालय का पूरा रिकार्ड नष्ट हो गया है। अब कामकाज चलाने के लिये संभागों एवं जिलों से रिकार्ड की प्रतियां मांगी गई हैं। स्वास्थ्य संचालनालय द्वारा सभी क्षेत्रीय संचालकों, सीएमएचओ एवं सिविल सर्जनों को पत्र भेजकर कहा गया है कि सतपुड़ा भवन भोपाल में 12 जून 2023 को आगजनी संबंधी दुर्घटना होने के कारण वर्तमान में स्वास्थ्य संचालनालय द्वारा प्रचलित कार्यों में व्यवधान उत्पन्न हो गया है। 

संचालनालय में संधारित अभिलेखों के अग्नि / अत्याधिक तापमान / धुऐं एवं फायर बिग्रेड के पानी के कारण अपठनीय एवं अस्त-व्यस्त होने की संभावना है। संचालनालय की अनाधिकृत अनुपस्थिति शाखा को संचालित करने के लिए दस्तावेज/अभिलेख भेजें जिससे प्रकरणों का निराकरण अतिशीघ्र प्रारंभ किया जा सके।

ये मांगे दस्तावेज :

जिले में स्वास्थ्य संस्थाओं में पदस्थ अनाधिकृत अनुपस्थित चिकित्सको की सूची एवं सेवा विवरण पुन: प्रेषित किया जावे। जिन चिकित्सकों को कारण बताओ सूचना पत्र/आरोप पत्र एवं विभागीय जांच संस्थिति आदेश की कार्यवाही की जा चुकी है, उन समस्त दस्तावेजों एवं अभिलेखों को पुन: प्रस्तुत किया जाये। जिन अपचारी अधिकारियों की विभागीय जांच पूर्ण हो चुकी है, उनके जांच प्रतिवेदन पुन: प्रेषित किया जायें। अनाधिकृत अनुपस्थित चिकित्सकों द्वारा कार्य पर उपस्थिति हेतु आवेदन प्रस्तुत किये हों, वे पुन: आवेदन प्रस्तुत करें। ये सभी दस्तावेज/अभिलेख, स्पीड पोस्ट /रजिस्टर्ड डाक/साधारण डाक के माध्यम से अथवा कार्यालय में उपस्थित होकर प्रस्तुत करें।