मध्यप्रदेश के दमोह जिले की निवासी एक युवती कर्नाटक के बेंगलुरु में लव जिहाद की शिकार हो गई। अब युवती ने दमोह आकर इस मामले की शिकायत दर्ज करायी है। मामला सामने आने के बाद गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मध्यप्रदेश पुलिस कर्नाटक जाएगी। मामले को लेकर गृहमंत्री ने प्रियंका गांधी पर कटाक्ष भी किया है।

पुलिस के मुताबिक़ पीड़ित द्वारा शुक्रवार को इस मामले में शिकायत महिला थाना में दर्ज कराई थी, जिसमें आरोपी उमर फारूक द्वारा युवती के  वीडियो एवं फोटो बना लेने की बात भी कही गई है। 

अब इसे लेकर प्देश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का भी बयान सामने आया है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि लव जिहाद की मानसिकता ‌वालों को प्रदेश में कुचल दिया जाएगा। दमोह की दलित बेटी ने कर्नाटक के रहने वाले उमर फारूक के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। उमर की गिरफ्तारी के लिए मध्यप्रदेश पुलिस कर्नाटक जाएगी।

गृहमंत्री मिश्रा ने तंज कसते हुए प्रियंका गांधी से भी सवाल-जवाब किए हैं। उनका कहना है, कि "लड़की हूं लड़ सकती हूं" का नारा देने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा जी से अनुरोध है कि पीड़ित बेटी को न्याय दिलवाने के लिए उमर की गिरफ्तारी में मदद करें।