दतिया: टिकट कटने के बाद अवधेश नायक ने तोड़ी चुप्पी, कही ये बड़ी बात


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

कांग्रेस ने दूसरी सूची में अपने तीन उम्मीदवार बदल दिए हैं..!

कांग्रेस ने मध्यप्रदेश विधानससभा चुनाव के लिए देर रात उम्मीदवारों की एक जम्बो सूची जारी की, जिसमें पार्टी ने राज्य की 230 सीटों में से 229 सीटों प्रत्याशी घोषित कर दिए। कांग्रेस ने पहली सूची में 144 उम्मीदवार और दूसरी सूची में 88 उम्मीदवार घोषित किए हैं। खास बात यह है कि कांग्रेस ने दूसरी सूची में अपने तीन उम्मीदवार बदल दिए हैं। जबकि 6 विधायकों के टिकट काटे गए हैं।

जिन सीटों पर कांग्रेस ने उम्मीदवार बदले हैं, उनको लेकर विवाद शुरु हो गया है। कहा जा रहा है कि सर्वे में जिन विधायकों के टिकट काटे गए हैं उनकी रिपोर्ट सही नहीं है। दतिया में कांग्रेस ने अवधेश नायक की जगह पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को मैदान में उतारा है।

पहले अवधेश नायक को यहाँ से टिकट दिया गया था। इस बात से नाराज़ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पार्टी ने अपना फैसला बदलकर दूसरी सूची में उम्मीदवार बदल दिया। आपको बता दें कि अवधेश नायक बीजेपी से कांग्रेस में आए थे।

टिकट काटे जाने को लेकर नायक ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व का यह निर्णय है। अब हम अपने समर्थकों के साथ बातचीत कर रहे हैं। वे जो आदेश देंगे वैसा हमारा निर्णय होगा। हालांकि नायक ने कहा कि यह कांग्रेस की वादा खिलाफी नहीं हैं। परिस्थिति ऐसी बनी होगी, इसलिए पार्टी को मेरा टिकट बदलने का निर्णय लेना पड़ा।

अवधेश नायक का कहना है कि टिकट काटे जाने पर समर्थक-कार्यकर्ता भी खुश नहीं है। उनका कहना है अगर जाना पड़ा तो वे हाईकमान तक भी जाएंगे।दतिया प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का क्षेत्र है। कहा जा रहा है, कि उम्मीदवार बदले जाने के बाद मुक़ाबला और भी दिलचस्प होने जा रहा है। देखना यह है कि यहां क्या और कैसे समीकरण बनते हैं।