MP समेत 15 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट, गुना में जीरो विजिबिलिटी दर्ज


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

दिल्ली में हालात सबसे खराब, अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश..!!

उत्तर भारत घने कोहरे के चपेट में है। अगले चार दिनों के लिए मध्यप्रदेश समेत देश के 15 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गुना में मंगलवार सुबह जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना में भी घना कोहरा छाया रहा।

मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तराखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 26 दिसंबर से 30 दिसंबर तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

अगर MP की बात की जाये तो गुना में मंगलवार सुबह 5:30 बजे जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना में घना कोहरा छाया रहा। यहां विजिबिलिटी करीब 50 मीटर रही। छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले में 26 और 27 दिसंबर को 200 से 500 मीटर तक विजिबिलिटी रह सकती है।

खासकर राजधानी दिल्ली में हालात सबसे खराब हैं। यहां प्रदूषण और कोहरे के कारण दृश्यता शून्य हो गई है, जिसका सबसे ज्यादा असर उड़ान सेवाओं पर पड़ा है। कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कम से कम 50 उड़ानें प्रभावित हुईं। कई उड़ानें देरी से चल रही हैं।

यही स्थिति रेल और सड़क परिवहन की भी है। लो विजीविलिटी के कारण सड़कों पर वाहन बहुत धीमी गति से चल रहे हैं, वहीं कई ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। 
कोहरे के कारण सामने से कुछ दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गयी है। इसलिए अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। वाहन चालकों को बहुत धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी जा रही है।