प्रदेश भर में इस सीजन की पहली बार हाड़ कपाने वाली सर्दी महसूस की जा  रही है।  राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश भर में पहली बार सीजन में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे आ गया। अगले दो दिन तक इसी तरह का मौसम रहेगा। 

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन जबलपुर, नर्मदपुरम, बैतूल, पचमढ़ी, भोपाल इंदौर में कहीं-कहीं बादल और मावठे की हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान घना और हल्का कोहरा रहने की संभावना जताई है। 

रीवा, सागर, चंबल, ग्वालियर, भिंड, नीमच, मंदसौर, उज्जैन, बैतूल, भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, डिंडोरी और दतिया में घना और हल्का कोहरा रहने की संभावना है। हालांकि कल से कोहरा थोड़ा कम होने लगेगा।

प्रदेश भर में सबसे ज्यादा कोहरा भोपाल के अलावा रायसेन, गुना, उमरिया, दमोह, खजुराहो, जबलपुर और सागर में रहा। विजिबिलिटी 50 मीटर से लेकर 500 मीटर से कम रही।