प्रदेश भाजपा में 7 लोगों ने सीएम पद की शपथ लेने के लिए सूट सिलवा रखे हैं। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के इस बयान पर प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने अब जवाबी हमला बोला है। उन्होंने बयान पर पलटकर करते हुए दिग्विजय सिंह को दो टूक सुनाई है।

गृहमंत्री मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस में दिग्विजय सिंह जी जैमर का काम कर रहे हैं और वे कांग्रेस के बचे खुचे नेटवर्क को भी ध्वस्त करने का काम कर रहे हैं। गृहमंत्री ने यह भी कहा कि दिग्विजय सिंह जी पिछले चार-पांच दिनों से कमलनाथ जी के नाम का राग अलाप रहे हैं। इसके बाद कमलनाथ जी को समझ जाना चाहिए की ये उनके लिए खतरे की घंटी है।

आपको बता दें, कि पिछले कई दिनों से चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे थे। कमलनाथ को भावी मुख्यमंत्री के तौर पर पेश किये जाने पर पार्टी के ही नेता सवाल उठा रहे थे।

इसके बीच पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय ने कहा था कि नवंबर-दिसंबर 2023 में जब शपथ ली जाएगी तो वह कमलनाथ की सरकार होगी। दिग्विजय सिंह ने कहा था कि BJP में सात लोग मौका मिलने पर सीएम की कुर्सी पर विराजने को तैयार बैठे हैं, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिलेगा। नवंबर-दिसंबर में कमलनाथ ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।