विवादास्पद किताब की लेखिका डॉ फरहत खान महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

इस बात की जानकारी एमपी के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने खुद एक प्रेस कांफ्रेंस में दी है..!

इंदौर के लॉ कॉलेज से मिली विवादास्पद किताब "ग्रुप वायलेंस एंड क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम" की लेखक डॉ. फरहत खान को पुलिस ने पुणे में गिरफ्तार किया है। इस बात की जानकारी एमपी के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने खुद एक प्रेस कांफ्रेंस में दी है। 

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि जो दूसरी किताब की प्रति मिली थी उसकी भी जांच शुरु कर दी गई है। अगर उस क़ताब में भी विवादास्पद कंटेंट मिलते हैं, तो उसे भी इसी के साथ ही जोड़ दिया जाएगा।

वे किडनी की गंभीर बीमारी पीड़ित हैं और इसी के चलते वे पुणे के एक हॉस्पिटल में डायलिसिस करवा रही थीं। इसी वजह से डॉ. खान को अस्पताल में ही जमानत दे दी गई। लेकिन उन्हें नोटिस दिया गया है, मामले को लेकर बुलाए जाने पर उन्हें उपस्थित होना पड़ेगा।

डीसीपी जोन-4 आरके सिंह ने बताया कि कालिंदी पार्क (श्रीनगर एक्सटेंशन) निवासी डॉ. खान रविवार रात को ही फरार हो गई थीं। पुलिस को सूचना मिली थी कि वे महाराष्ट्र गई हुई हैं। उनका फोन सेंधवा तक चालू था। जिसके बाद स्विच ऑफ हो गया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर ही पुलिस ने उनको ट्रेक किया।

बुधवार सुबह जानकारी मिली कि डॉ. फरहत पुणे के रूबी हॉल अस्पताल में भर्ती हैं। गिरफ्तारी के डर से ही डॉ. खान का ब्लड प्रेशर बढ़ गया और उन्हें तुरंत दूसरे अस्पताल में रेफर करना पड़ा था।