सख्त ड्रेस कोड लागू करते हुए, भोपाल के एक मंदिर ने अनुचित कपडे पहनकर आने लावी लड़कियों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। अटल पथ स्थित मां वैष्णव धाम आदर्श नव दुर्गा माता मंदिर में कम कपड़े पहने श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगाने का नोटिस लगाया गया है।
नोटिस बोर्ड पर लिखा है, 'यह धार्मिक स्थल है, पर्यटन स्थल नहीं। कृपया मर्यादित वस्त्र पहनकर मंदिर परिसर में प्रवेश करें। छोटे कपड़े, हाफ पैंट, मिनी स्कर्ट और नाइट सूट पहने पाए जाने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा, 'एक नोटिस लगाया गया है, जिसमें लोगों से कहा गया है कि वे अश्लील कपड़े पहनकर मंदिर में प्रवेश न करें। इस मंदिर परिसर में एक खाटू श्याम मंदिर भी है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं।
मामले पर टिप्पणी करते हुए प्रशासन ने कहा है कि मंदिर की पवित्रता बनाए रखने के लिए नोटिस जारी करना मंदिर प्रबंधन का विशेषाधिकार है। एसडीएम (टीटी नगर) संतोष विठोलिया ने कहा, 'आमतौर पर प्रशासन ऐसे मामलों में दखल नहीं देता है। यह मामला हमारे संज्ञान में नहीं लाया गया है।
इससे पहले महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई मंदिरों में ड्रेस कोड लागू किया गया है। इसी तर्ज पर कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश के अशोकनगर स्थित बालाजी मंदिर में ड्रेस कोड लागू किया गया था।