ईंटखेड़ी कस्बे में 11 वीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। गांव में रहने वाला एक नाबालिग समेत तीन आरोपी उसका दो महीने से पीछा कर रहे थे। इतना ही नहीं आरोपियों ने उसका फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल फोटो की जानकारी लगने पर परिजन ने पुलिस को शिकायत की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ और पाक्सो एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी केएन भारद्वाज ने बताया कि 17 साल की नाबालिग इलाके में रहती है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है। गांव में रहने वाले तीन आरोपी पिछले दो महीने से उसे परेशान कर रहे थे। स्कूल आते जाते समय उसका पीछा करते थे। पीड़िता ने उनका विरोध भी किया था, लेकिन उनकी हरकतें सुधर नहीं रही थी। पीड़िता ने घटना की शिकायत परिजन से नहीं की? थी। दरअसल, उसे लगा कि परिजन विवाद करेगे और उसका स्कूल जाना बंद हो जाएगा। इधर आरोपियों का हौसला बढ़ता जा रहा था।

वायरल फोटो की जानकारी परिजन को लगी और उन्होंने बेटी से पूछा तो उसने बताया कि गांव के तीन आरोपी उसे दो महीने से परेशान कर रहे है। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी नाबालिग है और पीड़िता के साथ पढ़ता है।