आज राजधानी में ईद-उल- अजहा उतसाह के साथ मनाई जा रही है। सुबह 7 बजे ईदगाह पर मुख्य नमाज हुई। इसके बाद अन्य मस्जिदों में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। यह दो दिन तक चलेगा। इस बार ईद पर साफ सफाई व अन्य कुछ पहलुओं का खास ध्यान रखा जा रहा है। आज सुबह सबसे पहले ईदगाह पर हजारों नमाजियों ने एकसाथ नमाज पढ़ी और देश-दुनिया में अमन- चैन की दुआएं मांगी। नमाज से पहले शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने तकरीरें कीं।
ताज उल मसाजिद, मोती मस्जिद और जामा मस्जिद के अलावा शहर की कई मस्जिदों में नमाज-ए-ईद अदा की गई। ईद को लेकर मुस्लिमजनों में उत्साह का माहौल है। नमाज के बाद कुर्बानी का दौर शुरू हो गया है। आज ईदगाह के बाद जामा मस्जिद में सुबह 7.15 बजे, ताजुल मसाजिद में सुबह 7.30 बजे, मोती मस्जिद में सुबह 7.45 बजे, मस्जिद बिल्किस जहां आरिफ नगर में सुबह 8 बजे नमाज हुई।
कई जगहों पर लगा जाम
ईदगाह पर हुई मुख्य नमाज के बाद शहर के कई इलाकों में जाम की स्थिति बन गई। ईदगाह हिल्स की ओर जाने वाली सभी रास्तों के साथ हमीदिया अस्पताल के बाहर भी जाम की स्थिति बनी। लालघाटी से लेकर वीआईपी रोड, पीरगेट, शाहजहांनाबाद सहित कई इलाकों में जाम लगता रहा। हालांकि, पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया था। इस कारण लोग दूसरे रास्तों से गुजरे।
वक्फ बोर्ड की एडवाइजरी
गौरतलब है कि इस बार ईद पर कुर्बानी को लेकर एमपी वक्फ बोर्ड ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें कुर्बानी के वीडियो, ऑडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल नहीं करने की समझाइश दी गई है। उधर जमीअत उलमा मप्र ने मुस्लिम समाज व नगर निगम प्रशासन से मांग की कि ईद के तीनों दिन साफ- सफाई करें। कुर्बानी की जगह को चारों ओर से दीवार या टीनशेड से मजबूती से बंद रखें एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। उलमा के प्रेस सचिव हाजी मोहम्मद इमरान ने मुस्लिम समाज से अपील करते हुए कहा कुर्बानी के मवेशी की अनुपयोगी चीजों को सुरक्षित एवं नगरीय निकाय द्वारा रखे कंटेनर या चयनित स्थान पर ही डालें।