भोपाल: राज्य सरकार राजधानी भोपाल एवं इंदौर शहर के पर्यटन स्थलों की सैर कराने के लिये आठ हो-हो बसें चलायेगी। हो-हो बसें दरअसल होप ऑन-होप ऑफ बसें होती हैं जोकि पूरी तरह वातानुकूलित रहती हैं जिससे पर्यटक गर्मी में भी बिना परेशानी के सफर कर सकते हैं। दोनों शहरों के लिये ऐसी चार-चार बसें चलाई जायेंगी।

इसके लिये राज्य सरकार ने पर्यटन निगम के माध्यम से निजी कंपनियों से दरें आमंत्रित करने के लिये टेण्डर जारी किये हैं। भोपाल शहर में बिरला मंदिर, गौहर महल, ट्राईबल म्युजियम, स्टेट म्युजियम, बोट क्लब और मानव संग्रहालय की सैर कराना आवश्यक होगा जबकि इंदौर शहर में खजराना गणेश मंदिर, इंदौर जू, लाल बाग पैलेस, अन्नापुरना मंदिर और राजवाड़ा की सैर कराना आवश्यक होगा।

पर्यटकों को इन स्थलों के अलावा भी अन्य पर्रूटन स्थलों की इन हो-हो बसों से सैर कराई जा सकेगी। इसकी किराया दरें भी कम रखी जायेंगी। देश की राजधानी नई दिल्ली में इस तरह की बसें संचालित हो रही हैं।