एयर-शो से पहले लड़ाकू विमानों ने रविवार को भोपाल के आसमान पर ताकत दिखाई। यह शो के पहले से की गई रिहर्सल थी। जिसमें विमानों को आसमान पर उड़ाया गया। इनमें ताकतवर और अत्याधुनिक विमानों को शामिल किया गया। ये जमीन से बहुत कम ऊंचाई पर उड़ान भरते देखे गए। इनकी गड़गड़ाहट काफी अधिक महसूस की गई। यह एयर शो 30 सितंबर को एयरफोर्स की 91वीं वर्षगांठ के अवसर होना है, जो भोपाल में होने वाला पहला एयर शो होगा।
बड़े तालाब के उपर देखे गए ज्यादातर विमान
रिहर्सल के दौरान ज्यादातर विमान बड़े तालाब के उपर उड़ान भरते देखे गए। यह एयर शो दोपहर करीब एक बजे शुरू हो गया था। उल्लेखनीय है कि एयर शो में में एसयू-30, मिराज 2000, जगुआर, एलसीए तेजस, हाक्स, हेलीकाप्टर चिनूक, एमआई-17 वीs, चेतक, एएलएच, परिवहन विमान सी-130 और आईएल 78 समेत 50 लड़ाकू विमान शामिल होंगे। इसके साथ ही सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम, सारंग हेलीकाप्टर डिस्प्ले टीम और आकाश गंगा टीमें भी कार्यक्रम में प्रदर्शन करेंगी। इसकी फुलड्रेस रिहर्सल 28 सितंबर को होगी।
बोट क्लब व वीआईपी रोड पर खड़े होकर देख सकेंगे एयर-शो
इस एयर शो को आम जन बोट क्लब और वीआईपी रोड पर खड़े होकर आसानी से देख सकते हैं। इनका केंद्र बिंदू यही क्षेत्र होगा। इसके अलावा भी आसपास के क्षेत्रों के लोग अपने घरों की छतों से शो देख सकेंगे। अधिकारियों के मुताबिक 17 एयरप्लेन स्टैंडबाय मोड पर रखे जाएंगे। शो में आगरा, ग्वालियर और गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस से फाइटर प्लेन उड़ान भरकर राजधानी पहुंचेंगे।
लोगों ने मोबाइल में कैद की आवाजें, बनाए वीडियो
लोगों को एयर शो की जानकारी विमानों की गड़गड़ाहट से मिल गई थी। लोगों ने इनकी आवाज को मोबाइल में कैद किया तो वीडियो भी बनाए। कुछ लोगों ने विमानों ने इस साहसिक काम को सैल्यूट भी किया। पुराने भोपाल के निशातपुरा, नारियलखेड़ा, शाहजहांनाबाद और टीलाजमालपुरा क्षेत्र में जहाज को बहुत ही नजदीक से देखा गया। ये विमान रंगीन धुआं छोड़ रहे थे। हवा में कलाबाजियां दिखा रहे थे।
राज्यपाल मुख्य अतिथि, रक्षामंत्री भी होंगे शामिल
एयर शो में मुख्य अतिथि मप्र के राज्यपाल मंगुभाई पटेल होंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वायु से प्रमुख मार्शल वीआर चौधरी, वायु सेना प्रमुख, एयर मार्शल विभास पांडे एओसी-इन-सी, मुख्यालय रखरखाव कमान और अन्य वरिष्ठ सैन्य एवं नागरिक गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे।