मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को मतदाताओं की फाइनल सूची जारी की गई। चुनाव आयोग द्वारा के मुताबिक प्रदेश में कुल 5 करोड़ 61 लाख 36 हजार 229 वोटर हैं। इनमें  पुरुष मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 88 लाख 25 हजार 607 है जबकि महिला मतदाता 2 करोड़ 72 लाख 33 हजार 945 है। वहीं, थर्ड जेंडर 1373 हैं। करीब 22.36 लाख युवा पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि प्रदेश में 2 अगस्त को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया गया था, तब 5 करोड़ 43 लाख मतदाता थे। इस पूरी अवधि में 24 लाख 33 हजार नाम जोड़े गए। 7.5 लाख नाम हटाए गए और लगभग 15 लाख नामों में संशोधन हुआ है। अब प्रदेश में कुल 5 करोड़ 61 लाख 36 हजार 229 मतदाता हैं।

मध्यप्रदेश में 2023 के विधानसभा चुनाव में 18 से 19 साल के 22 लाख 36 हजार 564 वोटर पहली बार वोट करेंगे। जबकि 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या छह लाख 53 हजार 640 है। 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता पांच हजार 124 और अप्रवासी मतदाता 99 हैं। वहीं, दिव्यांग मतदाताओं की संख्या पांच लाख पांच हजार 146 है।

मतदाताओं की नई सूची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। 1 हजार पुरुषों की तुलना में 945 महिलाएं हैं। जबकि, 2011 में जेंडर रेश्यो 1 हजार पुरुष पर 931 का है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन में बताया कि नाम जोड़ने के आवेदन नामांकन की अंतिम तिथि से 10 दिन पहले तक लिए जाएंगे। चुनाव की घोषणा के बाद मतदाता सूची से नाम हटाने के आवेदन पर कार्रवाई नहीं होगी।

बता दें कि मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीट हैं। इनमें सामान्य 148, एसटी 47 और 35 सीट एससी वर्ग के लिए रिजर्व हैं। माना जा रहा है कि 6 से 8 अक्टूबर के बीच प्रदेश में चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएंगे। वहीं, नवंबर के आखिरी दो हफ्ते में प्रदेश ने वोटिंग होगी।