भोपाल: राजधानी के वल्लभ भवन स्थित राज्य सत्कार कार्यालय वर्तमान वित्त वर्ष में स्टेट गेस्ट एवं वीआईपी/वीवीआईपी के आगमन पर उनके स्वागत, सत्कार एवं शासकीय कार्यक्रमों पर स्टेज साज-सज्जा के लिये साढ़े पांच लाख रुपयों के बुके, फूल मालायें खरीदेगा। इसके लिये टेण्डर जारी कर दिये हैं जो 24 अप्रैल 2023 को खोले जायेंगे।
इस टेण्डर में पिछले वित्त वर्ष में दस लाख रुपये से अधिक का टर्नओवर रखने वाली फर्म या संस्था भाग ले सकेगी तथा इस फर्म या संस्था के पास भोपाल नगर निगम का गुमाश्ता लायसेंस होना जरुरी होगा। टेण्डर में शर्त रखी गई है कि अल्पावधि सूचना पर भी बुके, फूल माला, स्टेज की साज-सज्जा उपलब्ध कराना होगी तथा मांग किये जाने के एक घण्टा के अंदर यह सामग्री निर्धारित स्थान पर पहुंचाना होगी। सामग्री की गुणवत्ता सही न होने पर पेनाल्टी लगाई जायेगी जोकि उक्त दिवस की सामग्री की राशि के रुप में होगी।