वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के जन्मदिन पर अब मध्यप्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रखा जाएगा। साथ ही भोपाल में रानी पद्मावती स्मारक भी बनाया जाएगा जिसका का भूमि पूजन भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा गुरुवार को किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज ने गुरुवार को आयोजित क्षत्रिय समागम में भाग लेकर यह ऐलान किये और उन पर तत्काल करते हुए भूमि पूजन का कार्य भी संपन्न किया।

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि राष्ट्र और समाज की उन्नति के लिए हरसंभव योगदान का क्षत्रिय समाज का इतिहास रहा है। आज भी क्षत्रिय समागम में समाज ने प्रदेश की प्रगति में सहयोग का संकल्प लिया। सीएम शिवराज ने यह भी कहा कि रानी पद्मावती के योगदान से नई पीढ़ी को अवगत और प्रेरित कराने के लिए उनका स्मारक और  प्रतिमा एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज सीएम हाउस में राजपूत समाज का क्षत्रिय समागम आयोजित किया गया। इस आयोजन को करणी सेना के प्रदेश व्यापी आंदोलन से पहले ही सीएम शिवराज द्वारा राजपूतों को साधने का प्रयास भी बताया जा रहा है। क्षत्रिय समागम में सीएम शिवराज ने राजपूत समाज के लिए कई घोषणाएं भी की।

पढ़िए इस आयोजन में CM शिवराज के ऐलान 

1.    महाराणा प्रताप की जयंती पर प्रदेश में अवकाश रखा जाएगा।
2.    फिल्म पदमावत पर प्रतिबंध की मांग को लेकर हुए आंदोलनों संबंधी प्रकरण वापिस लिए जाएंगे।
3.    आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास बनाने के संबंध में समाज के साथ मिलकर कार्य योजना बनाई जाएगी। 
4.    प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों से कम परीक्षा शुल्क लिया जाएगा।
5.    ऐतिहासिक तथ्यों और परिवारों की वंशावली आदि से छेड़छाड़ करने वालों पर कानून कार्यवाही की जाएगी। 
6.    पाठ्यक्रम समिति में एक प्रतिनिधि राजपूत समाज का होगा।
7.    इतिहास के पाठ्यक्रमों की गड़बड़ियों को ठीक किया जाएगा।
8.    सामान्य वर्ग के गरीब विद्यार्थियों को विशेष सहयोग की व्यवस्था की जाएगी।
9.    सवर्ण आयोग में एक राजपूत क्षत्रिय प्रतिनिधि आवश्यक रूप से सम्मिलित किया जाएगा।
10.    सीडीएस स्व. श्री विपिन रावत की प्रतिमा लगाने के लिए राज्य सरकार द्वारा भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। स्थानीय निकाय की सहायता से प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
11.    राजपूत क्षत्रिय समाज के युवाओं को जरूरत पड़ने पर आर्थिक सहयोग के लिए सहकारिता विभाग द्वारा केस क्रेडिट सोसाइटी बनाई जाएगी। राज्य शासन उसमें सहयोग करेगा। 
12.    आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए आरक्षण में आय सीमा 8 लाख रूपये तक  होगी।
13.    गौशालाओं को अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा तथा गाय के गोबर व गौमूत्र खरीदने-बेचने की पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध की जाएगी।
14.    महापुरुषों की मूर्तियां स्थापित करने के लिए चर्चा कर कदम उठाए जायेंगे।
15.    भोपाल स्थित मनुआभान की टेकरी पर रानी पदमावति की मूर्ति स्थापित करने के लिए आज ही भूमि पूजन किया जाएगा। 
16.    एमपीपीएससी की भर्ती में आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यार्थियों के लिए आरक्षण की व्यवस्था होगी।