दहेज एक सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ किसी का जीवन तक बर्बाद कर देता है। आज भी समाज के लोगों के जागरुक और शिक्षित होने के बाद भी दहेज के लोभ का दंश थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसा ही एक दहेज प्रताड़ना का एक चौंकाने वाला मामला मध्यप्रदेश के इंदौर में सामने आया है।
ऑस्ट्रेलिया में बसे एक युवक पर उसकी पत्नी ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीडिता ने अपनी शिकायत में कहा है कि ससुराल वालों ने उससे दहेज के तौर पर 25 लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी न करने पर उसे प्रताड़ित किया और घर से निकाल दिया गया। पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
ऑस्ट्रेलिया से लौटने के बाद पीड़िता इंदौर महिला थाने पहुंची और अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज मांगने और मारपीट का मामला दर्ज कराया। महिला पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर वैधानिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
4 साल पहले यानी 2019 में महिला ने शादी की थी। इसके बाद पति कुछ समय के लिए पीड़िता को लेकर ऑस्ट्रेलिया चला गया। विदेश जाने के बाद भी दहेज लोभी पति ने अपनी पत्नी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इसके बाद परेशान पत्नी अपने मायके भारत लौट आई और इंदौर में रहने वाली अपनी सास और ननद को पूरी घटना बताई।
लेकिन सास और ननद ने भी महिला के पति का ही पक्ष लिया और 25 लाख की मांग की। पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुराल वालों ने दहेज की मांग करते हुए उसे घर से निकाल दिया। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।