4 जुलाई से श्रावण मास शुरू हो रहा है। इस बीच बाबा महाकाल की सवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। बुधवार को कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम और एसपी सचिन शर्मा द्वारा बैठक लेने के बाद गुरुवार सुबह नगर पालिका की टीम भी एक्शन में नजर आई। जिसके चलते सुबह पटनी बाजार इलाके में एक जर्जर इमारत को तोड़ने की कार्रवाई की गई।
मामले की जानकारी देते हुए भवन निर्माण अधिकारी अभिलाषा चौरसिया ने बताया कि जिन मार्गों से बाबा महाकाल की सवारी निकलेगी, वहां के करीब 36 मकानों को धारा 310 के तहत नोटिस दिया गया है।
इन मकानों के स्वामियों को प्रशासन द्वारा नोटिस के माध्यम से कहा गया था कि जर्जर मकानों को तोड़ दें या मरम्मत संभव हो तो इनकी मरम्मत करा लें, लेकिन जब मकान स्वामियों द्वारा इन मकानों की मरम्मत नहीं कराई गई तो आज यह कार्रवाई की जा रही है।
भवन अधिकारी अभिलाषा चौरसिया ने बताया कि पटनी मार्केट में संजय कलवाड़िया और शरद कलवाड़िया के मकान को तोड़ने की कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए अधिकारियों के लिए पोकलेन, जेसीबी और एक दर्जन लोग सवारी मार्ग पर पहुंचे।