ग्वालियर में बिल्डर और सर्राफा कारोबारी पारस जैन के यहां इनकम टैक्स का छापा पड़ा है। जैन के अलावा बंटी कैटरर्स व अन्य के यहां भी इंदौर से आई टीम ने छापामार कार्रवाई की है। अधिकारी दस्तावेजों की छानबीन कर रहे हैं। इसमें बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी का खुलासा होने के आसार हैं।
टीम ने एक साथ दोनों जगह छापे मारे हैं। सबसे पहले टीम पारस जैन के मुरार सदर बाजार स्थित प्रतिष्ठान पर पहुंची। यहां टीम ने तड़के 3 बजे ही घेराबंदी कर दी थी। सुबह 4 बजे से छापामार दस्ते की कार्रवाई शुरू हुई । इस वक्त घर में लोग सो रहे थे। इंदौर से 15 कार में 30 से ज्यादा अफसर-कर्मचारियों की टीम ग्वालियर पहुंची है।
पारस ने पिछले कुछ साल में शहर में बिल्डर के रूप में अपनी पहचान बनाई है। शहर में फिलहाल 10 से 12 जगह उनके टाउनशिप, मल्टी और अन्य प्रोजेक्ट चल रहे हैं। इनकम टैक्स अफसरों की टीम ने जैन के मुरार सदर बाजार स्थित दुकान, पुश्तैनी मकान, चेतकपुरी और गोला का मंदिर में उनके घर सहित आधार दर्जन प्रोजेक्ट साइट्स को निगरानी में लेकर एक्शन लिया है।
अफसरों ने जैन के घर की डोर बेल बजाई और बताया कि सभी अपने मोबाइल जमा कर दें, उनके यहां रेड पड़ी है। टीम सबसे पहले मुरार स्थित पारस ज्वैलर्स शोरूम पर पहुंची। छानबीन में दस्तावेज मिले हैं। इनकी जांच की जा रही है।