भारत ने शुक्रवार को ईरान को 42-32 से हराकर एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया। अब तक खेले गए पिछले नौ संस्करणों में यह भारत का आठवां खिताब है। ईरान ने एक बार 2003 में खिताब जीता था।
भारत की इस जीत ने देशवासियों को गौरव से भर दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है। उन्होंने कहा- 8वीं बार "एशियन कबड्डी चैंपियनशिप" जीतने पर भारतीय टीम को हृदय से बधाई। आपके अथक परिश्रम एवं उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन ने देश के प्रत्येक युवा में ऊर्जा का नया संचार किया है। आप सभी आगे भी इसी तरह देश को गौरवान्वित करते रहें, इसके लिए शुभकामनाएं।
अगर फ़ाइनल मुकाबले की बैठत की जाये तो खेल के पहले पांच मिनट में भारत ईरान से पिछड़ गया था लेकिन भारतीय डिफेंडर्स ने शानदार टैकल पॉइंट और पवन सहरावत और असलम इनामदार की सफल रेड की बदौलत 10वें मिनट में ईरान को ऑल-आउट कर दिया। भारत ने ईरानियों पर दबाव बनाना जारी रखा और एक और ऑल-आउट कर पहले हाफ के अंक तक 23-11 से बढ़त बना ली।
एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप में छह टीमें भारत, ईरान, जापान, कोरिया, चीनी ताइपे और हांगकांग ने भाग लिया था। भारत ने लीग चरण में सभी पांच मैच जीते और प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर रही। ईरान लीग चरण में भारत से हारकर दूसरे स्थान पर रहा और फाइनल में पहुंचा।