इंदौर: कुत्ता घुमाने के विवाद पर गार्ड ने छत से चलाई गोली, दो की मौत, छह घायल


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

गुरुवार देर रात गोली चलाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, खजराना थाना क्षेत्र के कृष्णा बाग कॉलोनी में कुत्तों को घुमाने को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया..!

इंदौर में एक हफ्ते में लगातार तीसरा बड़ा हत्याकांड हुआ है। शहर में गुरुवार देर रात गोली चलाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खजराना थाना क्षेत्र के कृष्णा बाग कॉलोनी में कुत्तों को घुमाने को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद एक बैंक गार्ड ने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। 

बैंक ऑफ बड़ौदा की सुखलिया शाखा के गार्ड राजपाल राजावत ने घर की बालकनी से दो हवाई फायर किए। इसके बाद भीड़ पर गोलियां चलाईं। जिसमें वहां खड़े जीजा-साले की मौत हो गई। जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। मृतक राहुल (28) के पिता महेश वर्मा और विमल (35) के पिता देवकरण दोनों को बचाने आये। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी राजपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी बंदूक और लाइसेंस भी जब्त कर लिया गया है। निपानिया में आरोपी और मृतक के घर के सामने विमल का सैलून है। 8 साल पहले उसकी शादी राहुल की बहन आरती से हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी गार्ड राजपाल रात करीब 11 बजे कुत्ते को घुमा रहा था। इसी बीच एक और कुत्ता आ गया और दोनों कुत्ते लड़ने लगे। इसी बीच एक परिवार ने विरोध किया तो मारपीट हो गई। बहस बढ़ने पर गार्ड घर की ओर भागा और बंदूक लेकर पहली मंजिल पर पहुंच गया और फायरिंग शुरू कर दी।

इसकै बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। राहुल और विमल को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। ज्योति (30) पति राहुल, सीमा (36) पति सुखराम, कमल(50) पिता कड़वा, मोहित (21) पिता भीम सिंह, ललित(40) पिता नारायण बोरसे और प्रमोद सभी को एमवायएच में भर्ती कराया गया है।

इंदौर में एक हफ्ते में तीन बड़े हत्याकांड सामने आए हैं। कनाडिया रोड पर दूल्हे की हत्या के बाद एक इंटीरियर डिजाइनर की हत्या कर दी गई। इसके बाद गुरुवार देर रात यह घटना घटी। बढ़ते अपराध को लेकर पुलिस भी चिंतित है। इन सभी मामलों के पीछे मुख्य कारण नशा बताया जा रहा है।