इंदौर में 8 से 10 जनवरी तक प्रवासी भारतीय दिवस के कार्यक्रम का आयोजन की तैयारियों लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। स्वच्छ और जगमग इंदौर प्रवासियों के लिए पलकें बिछाये दिखाई दे रहा है। चौक-चौराहों और ऐतिहासिक इमारतें रंग बिरंगी रोशनी से सराबोर हैं।
इन्दौर की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और अन्य व्यवस्थाओं के लिए नगर निगम, इंदौर विकास प्राधिकरण और जिला प्रशासन के कर्मचारी-अधिकारी प्राण प्रण से जुटे हुए हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रदर्शनी की व्यवस्थाएँ भी पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी शुक्रवार रात प्रवासी भारतीय दिवस की तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अंतिम समीक्षा की और कर्त्तव्य-पथ पर डटे लोगों को बधाई दी। प्रवासी भारतीय दिवस के कार्यक्रम में 9 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शिरकत करेंगे वहीं 10 जनवरी को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु का आगमन होगा।
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि यह आयोजन प्रवासी भारतीयों के समक्ष मध्यप्रदेश की खूबियाँ बताने का दुर्लभ अवसर है। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि कार्यक्रम जीरो डिफेक्ट के साथ हो। व्यवस्थाओं के संबंध में अगर कोई बात ध्यान में आती है तो तत्काल मुझे अवगत कराएँ, जिससे उसे समय पर पूरा किया जा सके।