मप्र के विधानसभा चुनाव को लेकर शुरू की गई भाजपा की जन आशीर्वाद यात्राएं पांच दिन में 19 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं के बीच पहुंच चुकी हैं। पांचों जन आशीर्वाद यात्राओं को मतदाताओं का अपार स्नेह और समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है। पांचों यात्राएं अब तक प्रदेश में एक हजार किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर चुकी है।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री एवं जन आशीर्वाद यात्राओं के संयोजक भूपेंद्र सिंह ने यात्रा के संबंध में बताया कि पहली यात्रा का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट से किया था। इसके बाद केंद्रीय गृहमंत्री अ अमित शाह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा क्रमशः मंडला श्योपुर नीमच एवं खंडवा से यात्रा के रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रथम पांच दिनों में जन आशीर्वाद यात्राओं के रथ प्रदेश के 11 जिलों में पहुंच चुके हैं। इस दौरान यात्रा मार्ग के 19 विधानसभा क्षेत्र में 20 बड़ी मंच सभाओं के जरिए पार्टी के वरिष्ठ नेता दो लाख 79 हजार 800 से ज्यादा मतदाताओं को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से अवगत कर चुके हैं। इसके अलावा 20 रथ सभाओं का भी आयोजन विभिन्न स्थानों पर किया गया है।
गौरतलब है कि पांचों जन आशीर्वाद यात्राएं 10,400 किलोमीटर की दूरी तय कर भोपाल पहुंचेंगी। भोपाल में 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऐतिहासिक कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित कर जन आशीर्वाद यात्राओं का समापन करेंगे।
भूमिपूजन हुआ: इधर, भाजपा के 25 सितंबर के जंबूरी मैदान में विशाल कार्यकर्ता महाकुंभ का के कार्यक्रम स्थल का केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा व प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने पार्टी नेताओं के साथ भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कार्यकर्ता महाकुंभ ऐतिहासिक रूप से सफल होगा।