मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में अभी समय है, लेकिन नेता हैं, कि नए-नए तरीकों से अपने समर्थकों को लुभाने का कोई मौका नहीं छोड़ते। बीजेपी नेता और टीकमगढ़ जिले की जतारा सीट से विधायक हरिशंकर खटीक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। जिसमें वे अयोध्या में सरयू नदी में खड़े होकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आगामी चुनाव में धोखा न देने की शपथ लेते देखे जा रहे हैं।
बताया जा रहा है, कि जतारा विधायक का ये वीडियो रामनवमी का है। विधायक रामनवमी पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अयोध्या गए थे। वहां उन्होंने सरयू नदी में स्नान किया। इस दौरान उन्होंने हाथ में जल लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में धोखा न देने का संकल्प लिया। विधायक ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संकल्प लेते हुए कहा, 'हे सरयू मैया हम अच्छे लोगों की संगति करें। हे सरयू मैया किसी को धोखा न दें। हे सरयू मैया हम चुनाव में कोई चाल नहीं चलेंगे। आइए क्षेत्र के विकास का संकल्प लें।
वायरल वीडियो के बारे में जतारा विधायक हरिशंकर खटीक का कहना है कि उन्होंने अयोध्या तीर्थस्थल पर पवित्र सरयू नदी में खड़े होकर अपने क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की है। मैंने स्वयं प्रण किया कि मैं किसी को धोखा नहीं दूँगा और अपने साथ दूसरों को भी धोखा नहीं दूँगा। कांग्रेस के लोग जबरदस्ती इसका प्रचार कर रहे हैं।
बीजेपी विधायक हरिशंकर खटीक के वायरल वीडियो पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अजय यादव ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा ने धोखे और सौदेबाजी से सरकार बनाई। विधायक हरिशंकर से पार्टी कार्यकर्ता खफा हैं। इसलिए वे सरयू नदी में खड़े होकर आक्रोशित कार्यकर्ताओं को मनाने का संकल्प ले रहे हैं।