मध्यप्रदेश में आदिवासी युवक पर पेशाब करने के मामले में सियासत गर्मा गई है। प्रदेश में रोजाना आदिवासियों पर अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं। अब इस मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ ने प्रदेश के राज्यपाल मंगूआई पटेल से मुलाक़ात की है। उधर, बीजेपी ने कमल नाथ को झूठा बताते हुए उन पर जमकर निशाना साधा है।

पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने सोमवार को राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात करके आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन दिया है। कमल नाथ के साथ कांग्रेस के आदिवासी विधायक उमंग सिंघार भी मौजूद रहे। राज्यपाल से मुलाकात के बाद पीसीसी चीफ कमल नाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में आदिवासियों पर लगातार अत्याचार हो रहा है। हर दिन नए मामले सामने आ रहे हैं।

सीधी की घटना ने राज्य और पूरे देश को शर्मसार कर दिया है। कमलनाथ ने कहा- "हमने राज्यपाल से बात की है। उन्हें आदिवासियों के हितों की रक्षा के लिए खुद आगे आना चाहिए। राज्यपाल खुद आदिवासी समुदाय से आते हैं। हमने मांग की है कि वह आगे आएं और आदिवासियों की रक्षा के लिए कदम उठाएं।"

इधर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कमलनाथ और आदिवासी विधायक की राज्यपाल से मुलाकात पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कमल नाथ और दिग्विजय सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाले लोग हैं। 24 घंटे झूठ बोलते हैं। अगर भारतीय जनता पार्टी की सरकार में चाहे कोई भी हो, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। आदिवासी समाज के भाई-बहनों, दलित समाज के भाई-बहनों के मामले में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।

वीडी शर्मा ने आगे कहा- "मैं पूछना चाहता हूं कमलनाथ जी। आपका दोहरा चरित्र है। मैंने सुना है कि कैबिनेट मंत्री उमंग सिंघार भी आज आपके साथ हैं। उन पर क्या आरोप हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या ये आपराधिक तत्व आपके साथ हैं।" एक बहन ने उनकी प्रताड़ना के कारण आत्महत्या कर ली, अब मामला लंबित है। पूरा मध्य प्रदेश जानता है कि कमलनाथ जी और दिग्विजय सिंह जी आपके हाथ खून से सने हुए।"