विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस मंगलवार को अपना वचन पत्र (घोषणापत्र) जारी करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और एआईसीसी महासचिव रणदीप सुरजेवाला घोषणापत्र जारी करेंगे। वचन पत्र में कुछ ऐसी घोषणाएं शामिल करने की तैयारी है, जो शिवराज सरकार की योजनाओं की काट कर सकें।
पार्टी नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने मध्यप्रदेश में कांग्रेस के सत्ता में आने पर सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल करने, 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली समेत कई 'गारंटियों' की घोषणा की है। महिलाओं के लिए 1,500 रुपये की मासिक सहायता, किसानों के लिए कृषि ऋण माफी और 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर का प्रावधान है।
हाल ही में एक रैली के दौरान, प्रियंका गांधी वाड्रा ने सत्ता में आने पर छात्रों के लिए छात्रवृत्ति की घोषणा की, जिसके तहत कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों को प्रति माह 500 रुपये मिलेंगे, और कक्षा 9 और 10 के छात्रों को 1,000 रुपये मिलेंगे। कक्षा 11 और 12 को 1,500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे।
नई घोषणा करते हुए प्रियंका ने कहा कि पढ़ो और पढ़ाओ योजना के तहत कक्षा 1 से 12वीं तक के बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाएगी। मध्यप्रदेश की 230 सीटों के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा और 3 दिसंबर को मतगणना होगी।