इंदौर में बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के बाद अब सरकार ने सख़्ती दिखाते हुए TI को लाइन अटैच कर दिया है साथ ही पूरे मामले की जाँच ADG स्तर के अधिकारी करेंगे। बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर गुरुवार शाम पुलिस के लाठीचार्ज के बाद सरकार पर सवाल उठ रहे थे।
प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि मामला शाम को ही संज्ञान में आ गया था। वैधानिक कार्यवाही भी हुई थी। जो पुलिस वालों ने उनके साथ किया उसे लेकर ADG स्तर का अधिकारी भोपाल से जाकर के वहां पर सारे पहलुओं की जांच करेगा। पूरे मामले में संबंधित TI को लाइन अटैच कर रहे हैं।
इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र में 15 जून की रात उस समय कोहराम मच गया जब थाने पर प्रदर्शन कर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। दरअसल, बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता नशे के विरोध में पलासिया थाने पहुंचे। वे सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। जिससे जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने उन्हें कई बार समझाने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। अंत में पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
इस मुद्दे पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि पलासिया थाना क्षेत्र के पबों में देर रात तक नशे का धंधा चलता रहता है। शराब परोसने वाले पब के खिलाफ पुलिस को ज्ञापन सौंपने के लिए कार्यकर्ता देर रात थाने पहुंचे। यह संस्था पिछले तीन महीने से नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। लाठीचार्ज के बीच कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अभियान में शामिल एक कार्यकर्ता के खिलाफ झूठी FIR भी दर्ज की है।