मध्यप्रदेश को मिली एक और लोक की सौगात, नीमच में सीएम ने किया भादवामाता लोक का भूमिपूजन


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

मध्यप्रदेश सरकार महाकाल लोक की तर्ज पर 7 लोक बनाएगी, इसमें मालवा,निमाड़, ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड के अलग अलग मंदिरों में लोक का निर्माण करेगी..!

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार 30 सितम्बर को नीमच पहुंचे हैं। नीमच में सीएम ने ₹10 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले भादवामाता लोक के कार्यों का भूमिपूजन और ₹100 करोड़ से अधिक की लागत के 15 विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विभिन्न सौगातें दीं।

मध्यप्रदेश सरकार महाकाल लोक की तर्ज पर 7 लोक बनाएगी। इसमें मालवा,निमाड़, ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड के अलग अलग मंदिरों में लोक का निर्माण करेगी। इसके चलते ही नीमच के प्रसिद्ध भादवामाता मंदिर में लोक का भूमिपूजन सीएम शिवराज ने किया है।

इस दौरान बोलते हुए सीएम ने कहा, या देवी सर्वभूतेषु शक्तिरूपेण संस्थिता। नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।। नीमच जिले के साथ ही मध्यप्रदेश और पूरे देश में मां आशीर्वाद की वर्षा करें। सब सुखी हों, सब निरेगी हों। हे माता, हम तो निमित्त मात्र हैं। भादवा माता की कृपा से ही भादवा माता लोक बन रहा है।

पाइप लाइन बिछाकर हर घर में टोंटी वाला नल लगाकर पीने का पानी देंगे। ताकि बहन-बेटी नल खोले तो झर-झर पानी आए और बर्तन भर जाएं।

मुझ पर भादवा माता की कृपा है। मेरे पास पैसों की कोई कमी नहीं है। स्कूल का नया भवन भी बनेगा, सीएम राइज स्कूल भी बनेगा। सबसे बड़ा काम जो मुझसे हुआ है वह है ₹3200 करोड़ की लागत की नीमच-जावद सिंचाई योजना की स्वीकृति। इससे ढाई लाख एकड़ में सिंचाई होगी।