भोपाल।प्रदेश के उज्जैन में विक्रम विवि की भूमि पर स्थित विक्रम सरोवर के समीप 13 हैक्टेयर भूमि में महाकाल सांस्कृतिक वन बनेगा। इस 13 हैक्टेयर भूमि में से 8 हैक्टेयर में सांस्कृतिक वन एवं 1.44 हैक्टेयर पर विक्रम सरोवर के सौंदर्यीकरण का कार्य किया जायेगा। इसके लिये वन विभाग एवं विक्रम विवि के बीच द्विपक्षीय अनुबंध हो गया है। उल्लेखनीय है कि गुजरात की तर्ज पर मप्र के चार जिलों भोपाल, खजुराहो, सतना एवं उज्जैन में सांस्कृतिक वन बनाये जा रहे हैं तथा हर सांस्कृतिक वन पर करीब सात करोड़ रुपये व्यय किये जायेंगे।
उज्जैन के महाकाल सांस्कृतिक वन तेरह प्रकार के निर्माण किये जायेंगे। इनमें शामिल हैं : सप्तसरोवर, पंचकोशी, चौरासी महादेव, कैफेटेरिया, सिंहासन बत्तीसी, नक्षत्र वाटिका, मेघदूत वन, नवग्रह वाटिका, अशोक वाटिका, संस्कार वन, कालीदास अरण्य, चरक वन एवं सांदीपनी वन। इसकी डीपीआर बनकर तैयार है तथा अब इस पर आगे कार्य किया जा रहा है।