शक्ति के आराधना का पर्व नवरात्रि बड़े ही धूमधाम से सम्पन्न होने जा रहा है। सोमवार को महानवमी के मौके पर माता के दरबार में भक्ति का सैलाब उमड़ रहा है। आस्था एवं भक्ति से सराबोर लोग पंडालों और मंदिरों की ओर पूजा के लिए पहुंच रहे हैं।

अष्टमी से प्रारंभ कन्या भोज  के आयोजन महानवमी पर भी चल रहे हैं।  सलकनपुर स्थित माता बीजासेन के दरबार और देवास के भवानी माता मंदिर में सुबह से ही  बड़ी संख्या में भक्त सपरिवार पहुँच माता का आशीर्वाद ले रहे हैं।

भोपाल में सोमवारा स्थित माता मंदिर, काली घाट मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं। इससे पहले कई मंदिरों और दुर्गा पंडालों में हवन और कन्याभोज के आयोजन हुए।

सीएम आवास में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं उनकी धर्म पत्नी साधना सिंह महानवमी के अवसर पर 350 से अधिक कन्याओं के पैर पखारेंगे, इस अवसर पर वृहद कन्या भोज का आयोजन किया गया है। सभी कन्याएं भोपाल शहर की 6 विधानसभा क्षेत्रों से रहेंगी। जिसमें हर विधानसभा से लगभग 50-60 कन्याएं शामिल होंगी।इस दौरान कन्याओं का भव्य स्वागत सत्कार होगा, मंडलियों द्वारा भजनों का गायन भी होगा।