कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने दावा किया कि भाजपा के कई नेता उनके संपर्क में हैं। पीसीसी में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज भी भाजपा के कई नेता मुझसे मिलने आए, परंतु मैंने स्पष्ट कर दिया कि मैं किसी से एकांत में या गुप्त रूप से नहीं मिलूंगा, सभी से खुले तौर पर सबके सामने मुलाकात करूंगा। नाथ ने कहा कि हर जिले से भाजपा के लोग हमारे संपर्क में हैं परंतु हमारा फोकस जमीन से जुड़े हुए और लोगों से जुड़े हुए जनाधार वाले नेताओं पर है।
कमलनाथ के इस दावे के बाद यह चर्चा है कि क्या प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कोई बड़ा सियासी घटनाक्रम होने जा रहा है?
आज हर प्रकार के सर्वे में भाजपा और उसके विधायकों का बुरा हाल है। आज कांग्रेस के सभी जिला प्रभारियों की बैठक में शामिल होने पहुंचे नाथ ने मीडिया से कहा कि चुनाव में 6 महीने बचे हैं आप सब तैयार हो जाइए भाजपा हर दिन नाटक नौटंकी करेगी। उन्होंने दिग्विजय सिंह पर भाजपा प्रभारी मुरलीधर राव के बयान पर कहा कि मुख्यमंत्री रहे सम्मानित व्यक्ति पर इस प्रकार की भाषा का उपयोग करना निंदनीय है। भाजपा जनता को गुमराह करने और अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए 'कांग्रेस फाइल्स' जैसे हथकंडे अपना रही है।