खरगोन में रामनवमी पर हुए संघर्ष में घायल युवक शिवम शुक्ला की बहन की शादी है। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान ने शिवम् की बहन के लिए उपहार भिजवाया है। सीएम शिवराज की ओर से शिवम् की बहन को जिला प्रशासन ने 2 लाख रुपए का चेक और उपहार भेंट किये। 

सीएम शिवराज ने ट्वीट किया कि- मुझे खुशी है कि शिवम अब पूर्णतः स्वस्थ हैं और आज उनकी बहन का विवाह निसरपुर में संपन्न हो रहा है। मैं बेटी के सुखद और मंगलमय वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं देता हूं। बेटी का भावी जीवन सुखद और आनंददायी हो। मामा की शुभकामनाओं के साथ जिला प्रशासन खरगोन की ओर से 2 लाख रुपए का चेक और उपहार भी स्वीकार करो। बेटी, मामा का आशीर्वाद सदैव तुम्हारे साथ है।

आपको बता दें, कि खरगोन में रामनवमी के दिन भड़की हिंसा में घायल हुए शिवम शुक्ला को पांच दिन बाद होश आया था। शिवम को इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शिवम के सिर में गंभीर चोट लग गई थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर शिवम के इलाज का पूरा खर्च सरकार ने उठाया था। 

उस समय शिवम की बहन कृतिका शुक्ला की 17 अप्रैल को शादी होनी थी लेकिन शिवम की हालत देखकर दोनों परिवारों ने शादी टालने का फैसला किया था। यहां तक कि शिवम की बहन की शादी के कार्ड भी बांटे जा चुके थे। शिवम शुक्ला धार जिले का रहने वाला है। उसकी बहन की शादी गुजरात में हुई है।

शिवम अपने मामा के घर खरगोन में रहकर पॉलिटेक्निक कॉलेज खरगोन से डिप्लोमा कर रहा था। घटना के दिन शिवम अपने मामा के बेटे और कुछ दोस्तों के साथ सिद्धांत मंदिर जा रहा था। तभी उपद्रवियों ने पथराव कर शिवम को गोली मारकर घायल कर दिया था।