मध्य प्रदेश के मंदसौर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक पिता अपनी जीवित बेटी को कफन पहनाते हुए नजर आ रहा है। दरअसल, एक हिंदू लड़की ने मुस्लिम लड़के से प्रेम विवाह किया। बताया जा रहा है कि लड़की के परिजन इस बात से नाराज हैं। मामला जब थाने पहुंचा तो परिजनों ने थाने में ही अपनी जीवित बेटी को कफन ओढ़ा दिया।

जानकारी के मुताबिक, वीडियो मंदसौर के नाहरगढ़ थाने का है, जहां एक लड़की ने घर से भागकर एक साल पहले मुस्लिम युवक से शादी कर ली थी। इस शादी से लड़की के परिजन खुश नहीं थे, वहीं परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी थी। पुलिस कार्रवाई के बाद जब लड़की थाने पहुंची तो उसके परिजनों ने उससे शादी तोड़कर घर लौटने की गुहार लगाई।

जब लड़की ने परिजनों की बात नहीं मानी और लड़के के साथ रहने की बात करने लगी। तब काफी कोशिशों के बाद भी लड़की ने जब परिवार वालों की बात नहीं मानी तो उन्होंने गुस्से में आकर लड़की को कफन और माला पहनाई। ऐसा करके परिवार ने उसे मृत मान लिया। इसी दौरान उन्होंने कहा कि मुस्लिम लड़के से शादी करने के कारण यह लड़की आज हमारे लिए मर चुकी है।

जब ये वीडियो वायरल हुआ तो एपी अनुराग सुजानिया ने इसे स्टाफ की लापरवाही बताया और कार्रवाई करते हुए नाहरगढ़ थाने के एसआई जगदीश ठाकुर, कांस्टेबल महेंद्र और भावना नागाड़ा को लाइन हाजिर कर दिया।