गरीब दलित परिवारों के घर गिराए जाने पर बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने नाराजगी जाहिर करते हुये आज कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार की बुलडोजर राजनीति स्कूल के बाद अब गरीबों के घर तोड़ने लगी। सुबह उन्होंने ट्वीट में कहा, मध्यप्रदेश सरकार की विध्वंसकारी द्वेषपूर्ण बुलडोजर राजनीति लोगों के घर और स्कूल तोड़ते-तोड़ते अब पीएम आवास योजना के अंतर्गत बने गरीबों के मकान भी तोड़ने लगी है, जो अति निंदनीय है।

इसी क्रम में सागर जिले में योजना के तहत बने 7 दलित परिवारों के घरों का ध्वंस शर्मनाक।' दरअसल सागर के रैपुरा में वन विभाग ने दलित परिवारों के घरों को गिरा दिया था व तर्क दिया- प्रधानमंत्री आवास वन विभाग की जमीन पर बने थे। इस पर कल दिग्विजय सिंह पीड़ित परिवार से मुलाकात के लिए पहुंचे थे व कहा था कि 'ये सब मध्यप्रदेश सरकार में राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के इशारे पर हुआ है।' वहीं राजपूत ने इससे इनकार किया है।