मध्यप्रदेश सीहोर जिले के चकल्दी में मुख्यमंत्री मेगा हेल्थ कैम्प 23 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। इस हेल्थ कैंप के दौरान अनेक विशेषज्ञ चिकित्सक स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उपस्थित रहेंगे। भोपाल के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं निजी अस्पतालों के चिकित्सक भी हेल्थ कैम्प में इलाज करेंगे।
मुख्यमंत्री मेगा हेल्थ कैम्प में भोपाल के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं निजी अस्पतालों के चिकित्सक भी शामिल होंगे और लोगो को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे। इस मुख्यमंत्री मेगा हेल्थ कैम्प में अस्थि रोग, कैंसर रोग, हृदय रोग, मूत्र रोग, न्यूरोलॉजी, मेडिसिन विभाग, सर्जरी, स्त्री रोग, नेत्र रोग, शिशु रोग, चर्म रोग, मनोरोग, कान, नाक एवं गला,फिजियोथैरेपिस्ट आदि के विशेषज्ञ डॉक्टर उपस्थित रहेंगे।
कलेक्टर प्रवीण सिंह ने 23 जुलाई को आयोजित होने वाले इस मुख्यमंत्री मैगा हेल्थ कैंप के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य परीक्षण के लिए आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस मुख्यमंत्री मेगा हेल्थ कैम्प में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की है।
इस कैम्प में भोपाल के अनेक निजी अस्पतालों के डॉक्टर्स भी उपस्थित रहेंगे और रोगियों का नि:शुल्क इलाज करेंगे। कैम्प में टाटा कैंसर अस्पताल से कैंसर विशेषज्ञ डॉ. श्याम अग्रवाल, चिरायु अस्पताल से पेट रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिजीत देशमुख, नेशनल अस्पताल से एमडी मेडिसिन डॉ. पीके पांडे, पालीवाल अस्पताल से ऑर्थो सर्जन डॉ.जेपी पालीवाल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.पीयूष व्यास, एमबीबीएस एमएस हड्डी शल्य चिकित्सक डॉ. समीर गंभीर, पालीवाल हॉस्पिटल आईएसबीटी से डॉ. पलक पालीवाल, मानसरोवर डेंटल कॉलेज हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर से डॉ. प्रकाश सिंह तथा डॉ. अनिकेत चौहान उपस्थित रहेंगे। इसी प्रकार नेशनल अस्पताल भोपाल से एमडी डॉ. केके पटेरिया, डीएम डॉ. सुधांशु महाजन, एमसीएच डॉ. निशांत शुक्ला उपस्थित रहेंगे। आयुर्वेदिक कैंप में योगा एवं यूनानी डॉ.शुभव उपस्थित रहेंगे।
स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क दवाएं
मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके डेहरिया ने जानकारी दी कि चकल्दी में आयोजित मुख्यमंत्री मेगा हैल्थ कैंप में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा पैथोलॉजी जांच की जाएगी तथा निःशुल्क दवाएं भी वितरित की जाएंगी। गंभीर बीमारी की स्थिति में जिला चिकित्सालय भेजकर उपचार किया जाएगा तथा आवश्यक परामर्श दिया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि इस मुख्यमंत्री मेगा हैल्थ कैम्प में लोगो के स्वास्थ्य परीक्षण तथा उपचार के लिए चिकित्सकों सहित 150 से अधिक स्वास्थ्य अमले की ड्यूटी लगाई गई है।