आदिवासी युवक पर पेशाब करने वाले बीजेपी कार्यकर्ता प्रवेश शुक्ला को देर रात गिरफ्तार  कर लिया गया है लेकिन इस मसले को लेकर देशभर से लोगों के रिएक्शन सामने आ रहे हैं। प्रवेश शुक्ला के इस शर्मनाक कृत्य को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है।

प्रवेश शुक्ला की गिरफ़्तारी के बाद एमपी के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का भी बयान सामने आया है। उनका कहना है कि गिरफ़्तारी हो गई है, आरोपी थाने में है उस पर NSA लगेगा। पूरे मामले में कानून अपना काम कर रहा है।

कांग्रेस द्वारा आरोपी के घर बुलडोज़र चलाये जाने की मांग पर मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि बुलडोज़र कांग्रेस के हिसाब से नहीं कानून के हिसाब से चलेगा। अगर अतिक्रमण होगा तो बुलडोज़र भी चलेगा।

वहीं प्रवेश शुक्ला से स्थानीय विधायक केदार शुक्ला ने पल्ला झाड़ लिया है। प्रवेश शुक्ला को विधायक केदार शुक्ला का प्रतिनिधि बताया जा रहा था। वहीं, प्रवेश शुक्ला के कई पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं जिनमे वह बीजेपी विधायक और अन्य बड़े नेताओं के साथ दिखाई दे रहा है।

इससे पहले वीडियो सामने आने के बाद ही सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सख्त तेवर दिखाते हुए कहा था कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी सिर्फ आरोपी होता है। वहीं, कांग्रेस का कहना है कि आरोपी बीजेपी नेता है। सीएम शिवराज ने आरोपी पर NSA लगाने के निर्देश भी दिए थे।