MP के दो DK लगा रहे कांग्रेस की वाट, मंत्री नरोत्तम का दिग्गी-नाथ पर तंज़


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

शुक्रवार को होने वाली कांग्रेस की हाईलेवल मीटिंग फिर कैंसिल हो गई..!

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में शुक्रवार को होने वाली कांग्रेस की हाईलेवल मीटिंग फिर कैंसिल हो गई। इस बैठक के दो बार स्थगित होने पर गृहमंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसा है। मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इसे लेकर दिग्विजय-कमलनाथ को निशाने पर लिया है।

मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि मप्र के दो DK (दिग्विजय-कमलनाथ) कांग्रेस की वाट लगाए दे रहे हैं। कांग्रेस का हश्र समझ में आ रहा है।  मंत्री नरोत्तम ने कहा कि पहले 24 मई, फिर 26 मई, अब आगे गई... तारीख पर तारीख।  

उन्होंने आगे कहा कि दरअसल, कांग्रेस में दो तरह के नेता हैं। एक जनप्रिय नेता हैं। कुछ दूसरे 10 जनपथ के प्रिय नेता हैं। कांग्रेस में जनप्रिय नेताओं की वाट लगा रखी है। मध्यप्रदेश में ही अगर हम देखें तो जीतू पटवारी, अरुण यादव को कोई पूछ नहीं रहा। हाशिए पर करने की कोशिश की जा रही है। 10 जनपथ के जो प्रिय हैं, उनको आगे बढ़ाते हैं। 

गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ पार्टी के शीर्ष नेताओं की अहम बैठक 26 मई को बुलाई गई थी। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह के अलावा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया अरुण यादव के शामिल होने की बात सामने आई थी।