प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को ग्वालियर आये। सात दिन पहले जब वे भोपाल आये थे, तब उनके दौरे व संबोधन से कई राजनीतिक निहितार्थ पैदा हो गये थे, उनके दिल्ली लौटने के कुछ ही घंटे बाद मप्र विस चुनाव के लिये भाजपा उम्मीदवारों की चौंकाने वाली सूची आई थी, जिसमें सात सांसदों समेत कई चौंकाने वाले नाम थे। 

रविवार को ही दिल्ली में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में मप्र समेत तीन राज्यों में टिकट सूची पर विचार हुआ है और आज फिर मोदी के मप्र आने के चलते 'पिछला संयोग' फिर ताजा है।

भाजपा खेमे में भी हलचल है तथा आज या आने वाले कुछ दिनों में फिर नयी टिकट सूची को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। मोदी हाल के महीनों में मप्र के आठ दौरे कर चुके हैं। इन दौरों को सीधे विधानसभा चुनाव से जोड़ा जा रहा है। मोदी मप्र के कई संभागों में जा चुके हैं। दो दिन पहले राहुल गांधी की सभा व दो दिन बाद प्रियंका गांधी की सभा के चलते मोदी का आज का भाषण भी सियासी दिलचस्पी का विषय बना हुआ है।

19 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट का लोकार्पण-भूमिपूजन

PM मोदी ने 2 अक्टूबर को ग्वालियर से देश की विभिन्न जगहों पर 19 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इसमें इंटरनेशनल दिव्यांग स्पोर्ट्स सेंटर और दिल्ली - बड़ोदरा एक्सप्रेस का वर्चुअली लोकार्पण भी शामिल है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा 9 केंद्रीय मंत्री भी शामिल हुए। 

3800 करोड़ के रोड व जल प्रोजेक्ट 

पीएम मोदी ने 1880 करोड़ से ज्यादा की लागत वाले पांच रोड प्रोजेक्ट का भी भूमिपूजन किया। इसके अलावा, मध्यप्रदेश से गुजर रहे 244.50 किलोमीटर लंबे दिल्ली- बड़ोदरा एक्सप्रेस-वे को भी देश को समर्पित किया। श्योपुर के 720 गांवों को पेयजल मुहैया कराने के लिए तीन जल जीवन मिशन प्रोजेक्ट का भी भूमिपूजन इस मौके हुआ। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बने 2 लाख आवासों में परिवारों को गृह प्रवेश भी कराया गया।